शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2011

प्रतीक्षा

आगमन सुन प्राणधन का
भर गया उल्लास मन में मिट गया सब क्लेश तन का !
आगमन सुन प्राणधन का !

साज भूषण, वसन नूतन, भेंट हित उत्सुक हृदय ले ,
चौक सुन्दर पूर कर डाले पलक के पाँवड़े ,
दीप साजे आरती को मैं चली ले स्नेह मन का !
आगमन सुन प्राणधन का !

जगत उपवन से निराली भाव कलिका का चयन कर ,
गूँथ ली इक प्रेम माला नयन मुक्ता कण पिरो कर ,
किन्तु भारी हो गया कटना मुझे हर एक छन का !
आगमन सुन प्राणधन का !

किन्तु रजनीपति छिपे, दीपक गगन के भी बुझे सब ,
वह हार भी मुरझा गया पर प्रिय ना आ पाये अभी तक ,
ज्योति नयनों की बुझी, पिघला न निष्ठुर हृदय उनका !
आगमन सुन प्राणधन का !


किरण

बुधवार, 16 फ़रवरी 2011

निज मन मंदिर में

निज मन मंदिर में मैंने है
अतिथि बसाया एक नया,
वार दिया उस पर अपनापन
उससे ही वैराग्य लिया !

अनजाने आ छिपा कहीं से
उसको नहीं देख पाई,
उसके आने से जीवन में
एक नयी आँधी आई !

उसने सुख के स्वप्न तोड़ कर
कुचल दिये सारे अरमान,
अभिलाषा का हव्य बना कर
महायज्ञ का किया विधान !

आशाओं के दुर्ग तोड़
अधिकार जमाया आ सब ओर,
एक निराशा भवन बना कर
उसमें आन छिपा वह चोर !

दो अक्षर का नाम बता कर
देता परिचय और नहीं,
सब संसार देख आई पर
हो न जहाँ वह ठौर नहीं !

अति आदर से हृदय कुञ्ज में
उसको ठहराया सजनी,
जीवन बना पहेली मेरा
जैसे भेद भरी रजनी !


किरण

शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2011

मेरे भाव

मेरे इस सूने जीवन में
शरद पूर्णिमा बन आये तुम ,
अमा रात्रि से अंधकार में
पूर्ण चंद्र के छाये तुम !

उजड़ चुकी थी जब पतझड़ में
इस उपवन की सब हरियाली ,
सरस सरल मधुऋतु समान
आकर इसमें हो सरसाये तुम !

जब रोती सूनी निदाध में
विकल टिटहरी तड़प-तड़प कर ,
तब वर्षा के सघन मेघ बन
उसे रिझाने हो आये तुम !

विरह व्यथित चकवी निराश हो
जब जीवन आशा बिसराती ,
प्रथम किरण सी आस ज्योति ले
धैर्य बँधाने हो आये तुम !

तुम मेरे सुख दुःख के साथी
मेरे अरमानों की प्रतिलिपि
मुझे तोष है दुःख वारिधि में
कविता नौका ले आये तुम !

किरण

सोमवार, 7 फ़रवरी 2011

कवि तुम युग-युग के प्रतीक

कवि की वाणी के सौरभ से
सुरभित युग-युग के हैं कण-कण,
कवि की कविता से हरे भरे
रहते जन-जन के तन मन धन !

कवि भाव सुमन यों पुन्ज-पुन्ज
खिल उठे कल्पना लतिका में,
ज्यों नील गगन, चन्दा, तारे
प्रतिबिम्बित हों सुर सरिता में !

कवि के बंधन में बँधे हुए
हैं मेघ, पवन, ऋतु, काल सभी,
कवि के इंगित पर डोल उठे
इस प्रकृति नटी के बाल सभी !

कवि ने रति की नयनांजलि से
शिव की प्रतिमा को पिघलाया,
कवि ने लव कुश की वीणा से
रघुकुल के पति को दहलाया !

कवि की ही सफल प्रेरणा वह
जिसने गौरी का मान हना,
कवि की ही धन्य भावना वह
जो दुखी हृदय का त्राण बना !

कवि की कविता ने महलों में
रस रंग सुधा भी बिखरा दी,
कवि की ही कविता ने वसुधा
अरि के शोणित से पखरा दी !

कवि की वाणी ने दिला दिया
भारत माँ का उजड़ा गौरव,
कवि की फुलवारी से बिखरा
स्वातंत्र्य सुमन का शुचि सौरभ !

कवि ही मानव के अंतर से
करुणा धारा जग में लाया,
कवि ने इतिहास बदल डाले
कवि ने बदली युग की काया !

कवि कृति के हेम वर्ण होते
शारद के मस्तक के सुटीक,
वह धन्य धरा वह धन्य गगन
हों जिसके कवि युग के प्रतीक !


किरण

गुरुवार, 3 फ़रवरी 2011

चल मन अपनी प्यास बुझाने !

चल मन अपनी प्यास बुझाने !
मानस सर के निर्मल जल में, निज जीवन के स्रोत मिलाने !
चल मन अपनी प्यास बुझाने !

मत बन चंचल तज जग वैभव,
मत इस सुख पर दीवाना बन,
क्षणभंगुर है यह जग, यह सुख,
क्षणभंगुर है जग का वैभव,
माया मृग से चंचल सपने, ले चल उसमें आज डुबाने !

चल मन अपनी प्यास बुझाने !

संकीर्ण पंथ है लक्ष्य दूर,
पग-पग पर कंटक जाल बिछे,
छू मत इन चंचल वृक्षों को,
अभिसिक्त मोह रूपी जल से,
चल मन इस पापी जीवन के, दागों को धो आज मिटाने !

चल मन अपनी प्यास बुझाने !

है प्यास प्यास कुछ और नहीं,
होतीं न तृप्त अभिलाषायें,
आशा के दीपक क्षीण पड़े,
छाईं घनघोर निराशायें,
अब यहाँ कौन आएगा रे मन, तुझको भूली राह बताने !

चल मन अपनी प्यास बुझाने !

वे पथ दर्शक तो चले गये,
उनकी कृतियों का आश्रय ले,
माया तृष्णा को त्याग अरे,
रीते घर में यह निधि भर ले,
यह मिथ्या जग इसका वैभव, ले चल दुःख पर आज लुटाने !

चल मन अपनी प्यास बुझाने !


किरण

रविवार, 30 जनवरी 2011

क्या यही तुम्हारा है वसन्त

तुम कहते यह फूली सरसों पृथ्वी पर नवयौवन लाई ,
पर मुझे दीखता रुग्ण धरा है पाण्डु रंग से सकुचाई !

तुमको फूले पलाश लगते प्रियतमा प्रकृति के आभूषण,
पर मुझे दग्ध अरमानों के लगते ये चमक रहे हैं कण !

क्यों तुम्हें प्रकृति का मदिर हास कोमल किसलय में दीख रहा,
मैं कहती पादप लुटा कोष हो दीन माँग अब भीख रहा !

मुकुलित पुष्पों की छटा देख कहते तारे फैले भू पर
मैं देख रही अवनि अंतर के व्रण ये झलक रहे ऊपर !

तुम कोकिल का पंचम स्वर सुन कहते गा स्वागत गीत रही,
मैं सोच रही यह बुला रही बिछुड़ा जो इसका मीत कहीं !

तुम कहते मलय पवन आक़र सुरभित कर जाता है कण-कण ,
मैं देख रही दुखिया उर से यह आह निकलती है प्रति क्षण !

लख आम्र बौर से लदी डाल तुम कहते नवजीवन आया ,
मैं सोच रही यह अमृत घट क्यों यहाँ स्वयं लुटने आया !

सुन-सुन गुंजन भौंरों का तुम कहते कितना मादक स्वर है ,
मैं कहती श्याम वस्त्र धारी स्यापे वालों का यह घर है !

जो बचपन, युवा, प्रौढ़ता की नश्वरता बता रहे गाकर ,
जब तक रस है सब अपने हैं फिर कौन यहाँ आता जाकर !

ये अपने-अपने भाव सखे, है दृष्टिकोण अपना-अपना ,
कहता इस जग को सत्य एक, कहता दूजा इसको सपना !

यदि यह ऋतुपति है, यही कहा जाता पृथ्वी का सत्य कंत ,
तो क्यों न सदा रहता भू पर, होता क्यों इसका शीघ्र अंत !

जिसकी थोथी मादक छवि का गुण गाते हैं कवि गण अनंत ,
क्या यही तुम्हारी है बहार, क्या यही तुम्हारा है वसन्त !

किरण












शुक्रवार, 28 जनवरी 2011

कलिका के प्रति

री इठलाती क्यों बार-बार !
मदमस्त हुई चंचल कलिके,
क्यों झूल रही तू डार-डार !

री इठलाती क्यों बार-बार !

टुक दे तो ध्यान अरी पगली
क्या जीवन का है अर्थ अरे,
क्यों व्यर्थ गर्व में दीवानी
तू निज तन में सौंदर्य भरे,
ओ मतवाली ले नयन खोल
बस है जीवन में हार-हार !

री इठलाती क्यों बार-बार !

है अभी बालपन भोला सा
पर सजनि रहेगा सदा नहीं,
आयेगा मतवाला यौवन
जो ले जायेगा तुझे कहीं,
आयेंगे प्रेमी मधुप सखी
दो एक नहीं हाँ चार-चार !

री इठलाती क्यों बार-बार !

वे भरे स्वार्थ से मतवाले
तव सुषमा लूट चुकेंगे जब,
उड़ जायेंगे फिर दूर दिशा
तेरी मनुहार करेंगे कब,
हो जायेगा मधुरे तेरा
यह सुन्दर यौवन भार-भार !

री इठलाती क्यों बार-बार !

आवेगा बन प्रचण्ड झंझा
बहता रहता जो मलयानिल,
शीतलता देती चन्द्रकिरण
तब बन जायेगी अरी अनल,
गिर जायेगी फिर धरिणी पर
हाँ हो करके तू छार-छार !

री इठलाती क्यों बार-बार !

कर मर-मर शब्द कथा अपनी
फिर कहा करेंगे अंग तेरे ,
उड़ करके आँधी के संग हा
मिट जायेंगे अरमान भरे ,
कहने सुनने को कथा तेरी
रह जायेगी बस सार-सार !

री इठलाती क्यों बार-बार !


किरण