सोमवार, 6 फ़रवरी 2012

वसंतागमन











आज नयनों में जीवन है !

दर्शन कर उस प्राण सखा का
पुलकित तन मन है !

आज नयनों में जीवन है !

आज कुसुमित उर की डाली ,
आज प्रमुदित मन का माली ,
आया नव वसन्त आज
मुकुलित यह उपवन है !

आज नयनों में जीवन है !

भाव अंकुर हैं फूट चले ,
मधुप सौरभ हैं लूट चले ,
आज लुटाता मृदु पराग
मलयानिल क्षण-क्षण है !

आज नयनों में जीवन है !

रंगीली आशा की कलियाँ ,
कर रहीं खिल-खिल रंगरलियाँ ,
आया उनके देश पाहुना
वह तो जीवन धन है !

आज नयनों में जीवन है !


किरण

रविवार, 29 जनवरी 2012

हे राम


बापू के निर्वाण दिवस पर माँ की अनमोल कृतियों से यह अनुपम रचना श्रद्धांजलि स्वरुप आपके लिये प्रस्तुत है ! पढ़िये और आनंद उठाइये !

कौन कहता राष्ट्र का दीपक बुझा छाया अँधेरा ,
कौन कहता स्वर्ग में पाया है बापू ने बसेरा !

कौन कहता खो गया वह रत्न दुःख सागर बढ़ा कर ,
कौन कहता वह अमर मानव गया निज बलि चढ़ा कर !

आज भी बापू हमारे बीच में हैं आँख खोलो ,
सत्य की सुरसरि बहाते हैं उठो सब पाप धो लो !

देख लो दलितों के उर में हैं बसे वे भव्य भावन ,
देख लो जन-जन के प्राणों में रसे वे पतित पावन !

देख लो नव राष्ट्र की नाली में उनका रक्त बहता ,
देख लो स्वातंत्र्य सत्ता में उन्हें प्रत्यक्ष रहता !

आज भी मर कर अमर वे और तुम जी कर मरे से ,
खोजते हो पथ निरंतर भ्रमित माया में डरे से !

आज भी ध्रुव से प्रकाशित कर रहे तम का निवारण ,
भावना के बंधनों में बँध रहे वे तरणि तारण !

एक थे पहले, अनेकों रूप अब धारण किये हैं ,
युग प्रवर्तक, महा मानव, आज अमृत सा पिये हैं !

सैकड़ों युग तक जियेंगे पथ प्रदर्शक देव गाँधी ,
प्रति हृदय मंदिर बनेगा और प्रतिमा पूज्य गाँधी !

किरण


माँ की इस विनम्र श्रद्धांजलि में मेरे भाव कुसुम भी बापू के लिये सविनय समर्पित हैं !

बुधवार, 25 जनवरी 2012

नव वसन्त आया


सखी री नव वसन्त आया !

आदि पुरुष ने धरा वधू पर पिचकारी मारी ,
नीले पीले हरे रंग से रंग दी रे सारी ,
अरुण उषा से ले गुलाल मुखड़े पर बिखराया ,
वह सकुचाई संध्या के मिस अंग-अंग भरमाया !

सखी री नव वसन्त आया !

रति की चरणाकृति पाटल किंशुक मिस मुस्काई ,
वन-वन उपवन नगर डगर में सुषमा इठलाई ,
रंग बिरंगी कुसुम प्यालियों को ला फैलाया ,
चतुर चितेरा प्रकृति पटल पर चित्र सजा लाया !

सखी री नव वसन्त आया !

सरस्वती ने निज वीणा को फिर से झनकारा ,
कोकिल की मृदु स्वर लहरी से गूँजा जग सारा ,
राग बहार यहाँ पर आकर ऐसा बौराया ,
फीकी पड़ी कीर्ति तब जब कोकिल ने गाया !

सखी री नव वसन्त आया !


किरण


शनिवार, 14 जनवरी 2012

वसन्त का भोर


आज अपनी माँ की काव्य मंजूषा से एक बहुत ही खूबसूरत रचना आपके लिये लेकर लाई हूँ ! इस रचना में देश के तत्कालीन कर्णधारों के प्रति उनका यह भोला विश्वास आम जनता की आशाओं का प्रतिनिधित्व करता है ! यह विश्वास कितना कायम रह सका और कितना टूटा यह तो सभी जानते हैं लेकिन इस रचना की सकारात्मकता अपने आप में अद्भुत है !
द्वार पर है वसन्त का भोर
जा रहा है पतझड़ मुख मोड़ ,
प्रगति के चरण बढ़ रहे हैं
अभावों की चिंता दो छोड़ !

रिक्त सब पात्र भरेंगे शीघ्र
रमा का फिर होगा साम्राज्य ,
दुखों की चादर होगी क्षीण
बढ़ेगा सुख सौरभ अविभाज्य !

काल की चाल बदल देगा
हमारा नया स्वर्ण इतिहास ,
लक्ष्य सारे ही होंगे पूर्ण
हृदय में है इतना उल्लास !

प्रमोदिनी ऊषा आयेगी
नित्य मंगल घट लेकर प्रात ,
खिलेंगे मुरझाये तब फूल
हँसेंगे कोमल तन जल जात !

साधना का फल शुभ होगा
मिलेगा जीवन को वरदान ,
हमारी मातृभूमि है स्वर्ग
न हो फिर क्यों इस पर अभिमान !

दक्ष भारत के कर्णाधार
शान्ति के दूत, दया के देव ,
त्याग की मूर्ति लिये स्फूर्ति
बताते पथ हमको स्वयमेव !

मिलेगी क्यों न हमें फिर विजय
न होगा क्यों चिंता से त्राण ,
अभावों का निश्चय है नाश
प्रफुल्लित होंगे तन-मन-प्राण !

श्रमिक नव चेतन पायेंगे
दलित त्यागेंगे भ्रम भय भूत ,
एकता होगी फिर अक्षय
विरोधों की छँट करके छूत !

ज्ञान का कोष लुटा देगा
विश्व का तब यह देश महान ,
सूर्य की प्रथम किरण के साथ
गगन में गूँजे गौरव गान !


किरण



गुरुवार, 5 जनवरी 2012

फूल बनूँ या धूल बनूँ

यह इच्छा है बहुत युगों से
फूल बनूँ या धूल बनूँ ,
तेरे किसी काम आऊँ मैं
अपना जीवन धन्य करूँ !

फूल बनूँ तो देवालय के
किसी वृक्ष से जा चिपटूँ ,
तेरे किसी भक्त द्वारा प्रिय
तेरे चरणों से लिपटूँ !

फूल नहीं तो धूल बनाना
जिस पर भक्त चलें तेरे ,
उनके पावन युगल चरण से
अंग पुनीत बनें मेरे !

किन्तु भाग्य के आगे किसका
वश चलता मेरे भगवन् ,
विधि विडम्बना से यदि मैं बन सकूँ
न पग की भी रज कण !

तो प्रभुवर पूरी करना यह
मेरे मन में बसी उमंग ,
करुणा करके मुझे बनाना
प्रेम सिंधु की तरल तरंग !


किरण


बुधवार, 28 दिसंबर 2011

विजय मुकुट पहनायेंगे

आज माँ की काव्य मंजूषा से एक अनमोल रचना आपके लिये प्रस्तुत कर रही हूँ ! इसका सृजनकाल भारत की स्वतन्त्रता से पूर्व का है ! माँ की लेखनी की धार कितनी प्रखर और उनकी रचना का कथ्य कितना प्रेरक है इसका आकलन आप स्वयं करें और रचना का आनद उठायें !

आशायें हैं मुझे हँसाती भारत मेरे जीवन धन ,
आज नहीं तो कल तक तेरे कट जायेंगे सब बंधन !

तू स्वतंत्र होगा गूँजेगी घर-घर तेरी जय जयकार ,
विजय पताका फहराएगी कीर्ति दीप्त शोभा साकार !

मचल पड़े फिर मृत्युलोक में आने को वे तेरे लाल ,
भीष्म, भीम, अर्जुन, प्रताप, अभिमन्यु, शिवाजी, मोतीलाल !

हम सब पहन केसरी बाना साका साज सजायेंगे ,
अब भी भारत शून्य नहीं वीरों से यह दिखलायेंगे !

आज शिवा, दुर्गा, चामुण्डा देशभक्त ये वीर सुभट ,
ढिल्लन, सहगल, शाहनवाज़, सेनापति बन कर हुए प्रकट !

चमक पड़ी है अब कण-कण में बन स्वतन्त्रता चिनगारी ,
उमड़ उठे हैं शस्त्र उठाने बालक, वृद्ध, युवा, नारी !

पुन: पूर्व गौरव का तेरे मस्तक तिलक लगायेंगे ,
प्यारे भारत शीघ्र तुझे हम विजय मुकुट पहनायेंगे !

दे आशीष बढ़ा पग आगे विजय ध्वजा फहरायें हम ,
मातृभूमि पर हँसते-हँसते मस्तक भेंट चढायें हम !


किरण





शुक्रवार, 23 दिसंबर 2011

साध

लेकर के उर में एक साध !

मैं आई तेरे द्वार आज
पूरण कर मेरी अमिट चाह ,
सुस्मित अधरों से एक बार
दे बहा मधुर ध्वनि का प्रवाह ,

भर जाये प्रेम सागर अगाध !
कर पूरण मेरी अमर साध !

ऐसा मृदु मंजुल राग बजा ,
अविराम अचल अविरल अनंत ,
नीरस जग जीवन में फिर से
छा जाये कुसुमित नव वसन्त ,

मिट जावे जग से चिर विवाद !
कर पूरण मेरी अमर साध !

वन-वन उपवन गृह नगर-डगर
सौरभमय जिससे दिग्दिगंत ,
वितरित कर अपनी मलय पवन
सुरभित श्वांसों से रे अनंत ,

रे नहीं तुझे कुछ भी असाध !
कर पूरण मेरी अमर साध !

जग नयनों की जलधारा से
कर लेता तेरे पग पखार ,
जग की आहें बन कर पराग
पहुँचें तुझ तक कर क्षितिज पार ,

निर्विघ्न चली जायें अबाध !
कर पूरण मेरी अमर साध !

हो जाये तरल तेरी करुणा
दुखियों पर बरबस पड़े बरस ,
लहलहा उठें सूखे जीवन
हो जायें मधुर, हो उठें सरस ,

निर्जीव बने नैराश्य व्याध !
कर पूरण मेरी अमर साध !

आनंद प्रेम से मतवाली
फिर चहक उठे दुनिया भोली ,
करुणामय करुणा कर इतनी
भर दे मेरी रीती झोली ,

मैं आई लेकर एक साध !
कर पूरण मेरी अमर साध !


किरण