शुक्रवार, 25 जनवरी 2013

जन गण मन अधिनायक गाओ


 आज बहुत दिनों के बाद माँ के ब्लॉग पर उनकी एक बहुत पुरानी रचना प्रस्तुत कर रही हूँ जो सामयिक भी है और प्रासंगिक भी ! वर्षों पूर्व जब देश में नव गणतंत्र की स्थापना हुई थी यह रचना उन्होंने बच्चों के लिए लिखी थी ! कितनी सुन्दरता से इस रचना में साल के सभी पर्व त्यौहारों को बच्चों की दुविधा मिटाने के बहाने से उन्होंने व्याख्यायित किया है यह देखते ही बनता है ! तो लीजिये आप भी इस रचना का आनंद उठाइये !

                                               गणतंत्र दिवस
बालक १ ---- हम स्वतंत्र हैं आज, हमारा ही भारत पर राज ,
                    दीप जलाओ, द्वार सजाओ, साजो मंगल साज
                    सबसे प्यारा, सबसे न्यारा यह पावन त्यौहार ,
                    जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक २ ---- क्या संक्रान्ती आई हमको ले लड्डू का ढेर ,
                    शकरकन्द, अमरुद, जलेबी खायें देर सबेर,
                    तिल की पिट्ठी मल शरीर से बनें वीर सरदार ?
बालक १ ---- नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार
                    जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ३ ---- लाल-लाल टेसू बन फूले खेत खिले सुकुमार ,
                     उतर गगन से तारे आये पृथ्वी पर इस बार !
                    यह वसंत बन उपवन में ले आया नयी बहार ,
बालक १ ---- नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ४ ---- द्वेष ईर्ष्या को होली में भस्म करें सब लोग
                     बड़े प्रेम से गुजिया, पपड़ी खायें मोहन भोग !
                     लाल गुलाल अबीर उड़ायें, हो रंग की भरमार
बालक १ ----- नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                      जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ५ ----  क्या यह पड़वा, जिसको बदला संवत्सर शुचिमान ,
                     अथवा नवमी राम जनम की या जन्मे हनुमान ?
                     या फिर अक्षय तीज आई कम करने भू का भार ?
बालक १ ----  नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ६ ----  क्या गंगा दशमी आई फिर खोले ज्ञान कपाट ?
                     भागीरथ की कीर्ति कथा का हमें सुनाने ठाठ ?
                     जिनके उर में भरा हुआ था निज पितरों का प्यार ?
बालक १ ----  नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ७ ----  क्या आई यह जन्म अष्टमी ले जसुदा का लाल,
                      या विजया आई पहनाने रघुपति को जयमाल ?
                      अथवा शरद पूर्णिमा आई लेकर नव संसार ?
बालक १ ----  नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
 बालक ८ ---- क्या यह दीपावली आई है ले दीपों की माल ,
                      आज बिछा दें जगमग करता धरती पर यह जाल ?
                      ले अनार, फुलझड़ी, पटाखे छोड़ें बारम्बार ?
बालक १ ----  नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक ९ ----  समझ गया मैं देख तिरंगा लहराता यों आज,
                      फिर आया पंद्रह अगस्त है नया सजाओ साज !
                       बापू की , नेहरू की जय से गूँजे सब संसार ,
बालक १ ----  नहीं नहीं इससे भी प्यारा यह पावन त्यौहार ,
                     जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !
बालक १० ---- समझ नहीं पाये हम खोलो तुम्हीं बुद्धि के द्वार ,
                       उलझ रहे हैं भूल भुलैयों में हम तो हर बार !
                       किसका स्वागत साज सजाता भारत का हर द्वार ,
बालक १ ----  यह गणतंत्र दिवस है प्यारा सुन्दर नव त्यौहार ,
                      जन गण मन अधिनायक गाओ सब मिल बारम्बार !

                                                       किरण


सभी साथियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनायें  !
                                          

चित्र गूगल से साभार !                    

मंगलवार, 2 अक्टूबर 2012

शतश: प्रणाम



ओ आज़ादी के दीवानों, ओ स्वातंत्र्य युद्ध के वीरों ,
ओ रणचण्डी के खप्पर को भरने वाले रणवीरों ! 

देकर  तन मन धन की आहुति जीवन यज्ञ रचाने वालों,
अपने दृढ़ निश्चय के दीपक , जला पंथ दिखलाने वालों ! 

बने  नींव के पत्थर पल क्षण , अपनी भेंट चढ़ाने वालों ,
विजय दुर्ग की प्राचीरों को , दृढ़ करने वाले मतवालों ! 

ओ भारत के कोहिनूर , गाँधी बाबा तुमको प्रणाम ,
ओ  अमर शहीदों भक्तिपूर्ण तुमको प्रणाम शतश: प्रणाम ! 



किरण


सोमवार, 3 सितंबर 2012

तेरी माया

 
 
 
 
रूप ने श्याम तेरे भरमाया ! 
फूल पत्र सुन्दर कलियाँ बन सबका ह्रदय चुराया ! 
रूप ने श्याम तेरे भरमाया ! 

किसीने पत्थर, फूल किसीने, किसीने क्षीर बताया 
वन उपवन में कहा किसीने किसीने नीर बताया ! 

कोई कहता वह मस्जिद में 'खुदा' बना है आया ,
कहा  किसीने 'गॉड' बना गिरिजा में मोहन आया ! 
 
कोई  कहता यमुना तट पर उसने रास रचाया ,
बन कर उसने ग्वाल बाल नवनीत चुरा कर खाया ! 

नंदग्राम में कहा किसीने नंद ने गोद खिलाया ,
राम रूप धर कर लंका में रावण वीर हराया ! 
 
कुरुक्षेत्र  रण भूमि में फिर वह पार्थ सखा बन आया ,
देकर गीता ज्ञान उसे फिर धर्म कर्म सिखलाया ! 

द्रुपद सुता ने की गुहार जब तत्क्षण चीर बढ़ाया ,
जल भीतर गज ग्राह लड़े तब आकर तुरंत छुड़ाया ! 

सुन-सुन करके ऐ मनमोहन तेरी अद्भुत माया ,
कोना-कोना ढूँढा जग का, पता न तेरा पाया ! 
 
निठुर तेरी निठुराई पर तब मन को रोना आया ,
आँखों से मेरी उमड़ आज जीवन में पावस छाया ! 


किरण







रविवार, 26 अगस्त 2012

अर्चना


आओ आओ बेग पधारो व्याकुल ह्रदय हमारा है ,
नाथ न क्यों सुनते अनुनय हो निठुर भाव क्यों धारा है !

दुखी दीन हैं, मन मलीन हैं तेरी गउएँ गोपाला,
आजा फिर दिखला दे मोहन मधुर दृश्य गोकुल वाला !

बृज की शोभा क्षीण हुई है ऐ बृजराज दुलारे आ ,
विरह व्यथा से व्याकुल गोपिन के जीवन उजियारे आ !

माँ जसुदा की सुघर गोद के प्यारे कुँवर कन्हैया आ ,
वंशीधारी, गिरिवरधारी, वन-वन वेणु बजैया आ !

किरण


बुधवार, 15 अगस्त 2012

पन्द्रह अगस्त














देहली  के कण-कण में जाने दबे पड़े कितने इतिहास ,
लाल किले की दीवारों ने देखे कितने हास विलास !

कभी पांडवों ने इसके स्वर्गांचल में मणिरत्न जड़े ,
कभी  स्वत्व पर बलि होने को इस पर ही चौहान लड़े !

देखा है इसकी मिट्टी ने मुगलों का उन्मत्त विलास ,
देखे हैं इसकी धरती ने जाने कितने मृदु मधुमास !

ये यमुना की लोल लहरियाँ देख चुकीं कितने उत्थान ,
और पतन के गहन गर्त में डूबे हुए गलित अभिमान !

इसके शांत अंक में सोये जाने कितने वीर प्रवण ,
कितनी  सतियों ने साजन संग किया मृत्यु का यहाँ वरण !

जब इस लाल किले के ऊपर फहराया परदेशी ध्वज ,
तब झाँसी में बिगुल बजा, चल पड़े वीर सब आलस तज !

हुआ शुरू जबसे स्वतन्त्रता देवी के मठ का निर्माण ,
खेल खेलने लगे मृत्यु का वीर दाँव पर रख कर प्राण !

पहले बनी नींव का पत्थर वह झाँसी की महारानी ,
जिसने राह दिखाई हमको आज़ादी की सुखसानी !

चले बाँध कर कफ़न शीष पर देशप्रेम के मतवाले ,
हँसते-हँसते झूल गये फाँसी पर कितने मतवाले !

आठ युगों की कठिन तपस्या नए देश में रंग लाई ,
'जय स्वदेश' 'जय हिंद' गा उठी मृदु स्वर भर जब शहनाई !

वह 'पन्द्रह अगस्त' सैंतालीस का पावन त्यौहार हुआ ,
जब अपने भारत की सत्ता पर हमको अधिकार हुआ !

बिखर गये सदियों के बंधन हुआ सफल वीरों का त्याग ,
हुआ देश आज़ाद, गुलामी चली गयी भारत से भाग !

इस गौरवमय पुण्य दिवस का क्यों न करें सम्मान सखे ,
आज  इसी 'पन्द्रह अगस्त' पर क्यों न करें अभिमान सखे !

बिछुड़ी हुई कीर्ति रानी का जब भारत से मिलन हुआ ,
आज वही 'पन्द्रह अगस्त' है जब संकट का शमन हुआ !

इस पावन अवसर पर साथी लिखा गया इतिहास नया ,
नव संवत्सर काल शिला पर चरण रेख शुभ डाल गया !

हुआ दीप्त अभिषेक तिलक से जब भारत का भाल प्रशस्त ,
'जय भारत' के साथ-साथ गूँजा 'जय जय पन्द्रह अगस्त' !


किरण









रविवार, 12 अगस्त 2012

श्याम हमारे आओ ...


मुरारी मुरली आज बजाओ ! 

भक्ति की गंगा जमुना में तुम भक्तों को नहलाओ ,
वृन्दावन की कुञ्ज गलिन में आओ रास रचाओ ,
यमुना तट पर फिर मनमोहन मीठे राग सुनाओ ,
क्यों तुम रूठ गये हो कान्हा यह तो हमें बताओ ,
भारतवासी भक्त बनें फिर ऐसी राह दिखाओ ,
नैना प्यासे हैं दर्शन को अब न अधिक तरसाओ ,
क्षीर सिंधु का त्याग करो अब, श्याम हमारे आओ ! 


किरण


मंगलवार, 7 अगस्त 2012

कन्हैया

 
 
गोकुल के रचैया अरु गोकुल के बसैया हरि ,
माखन के लुटैया पर माखन के रखैया तुम ! 
 
गोधन  के कन्हैया अरु गोवर्धन उठैया नाथ ,
बृज के बसैया श्याम बृज के बचैया तुम !

भारत रचैया अरु भारत बचैया कृष्ण ,
गीता के सुनैया अरु गीता के रचैया तुम ! 

बंसी के बजैया अरु चीर के चुरैया हरि  ,
नागन के ऊपर चढ़ि नृत्य के करैया तुम ! 
 
सारी  के चुरैया अरु सारी के बढ़ैया साथ ,
भरी  सभा द्रौपदी की लाज के रखैया तुम !

राधा के गहैया श्याम राधा के छुड़ैया योगी ,
गोपिन संग कुंजन में रास के रचैया तुम ! 

पापी अरु पापिन को स्वर्ग के दिलैया नाथ ,
शरण हूँ मैं लाज राखो कुँवर कन्हैया तुम ! 


किरण