शुक्रवार, 30 सितंबर 2011

शतश: प्रणाम


ओ आज़ादी के दीवानों , ओ स्वातंत्र्य युद्ध के वीरों ,
ओ रणचण्डी के खप्पर को भरने वाले रणवीरों !

देकर तन मन धन की आहुति जीवन यज्ञ रचाने वालों ,
अपने दृढ़ निश्चय के दीपक जला पंथ दिखलाने वालों !

बने नींव के पत्थर पल क्षण अपनी भेंट चढ़ाने वालों ,
विजय दुर्ग की प्राचीरों को दृढ़ करने वाले मतवालों !

ओ भारत के कोहेनूर गाँधी बाबा तुमको प्रणाम ,
ओ अमर शहीदों भक्तिपूर्ण तुमको प्रणाम शतश: प्रणाम !


किरण

शुक्रवार, 23 सितंबर 2011

दुविधा


करूँ प्रसन्न तुम्हें मैं कैसे
क्या दूँ मैं प्रियतम उपहार ,
दीन हीन, तन क्षीण भिखारिन
मैं, प्रभु हो तुम रत्नागार !

पुष्प करूँ यदि भेंट दयामय
नंदन वन है यहाँ कहाँ ,
दीपक भेंट करूँ यदि तुमको
सूर्य ज्योत्सना नहीं यहाँ !

वस्त्र नहीं दे सकती प्रभुवर
मिलें कहाँ से वे पट पीत ,
माखन मिश्री भोजन हित मैं
पाऊँ कैसे मेरे मीत !

लक्ष्मी माता अर्द्धांगिनी हैं
पैसा भेंट करूँ कैसे ,
मेरे पास नहीं कुछ है प्रभु
दीन सुदामा हूँ जैसे !

सभी वस्तु की खान तुम्हीं हो
क्या दूँ भेंट प्रभु तुमको ,
एक वस्तु तव पास नहीं है
अति आनंद यही मुझको !

हृदय कमल तो चुरा लिया है
राधा रानी ने तेरा ,
रिक्त पड़ा अब तक वह स्थल
वहाँ बिठा लो मन मेरा !

कभी न ये आहें आवाजें
कान तुम्हारे पड़ती हैं ,
अति आरत हो तभी धरिणी माँ
दुःख से थर-थर कँपती है !

हृदय रहेगा पास तुम्हारे
तो सबकी सुन लोगे खूब ,
अभी असर नहीं होता होगा
जाते होगे सबसे ऊब !

उर की चाह तुम्हें है भगवन्
धन की चाह लगी मुझको ,
भक्ति सम्पदा मुझको दे दो
यह उर भेंट प्रभो तुमको !


किरण


शनिवार, 17 सितंबर 2011

उत्कण्ठा


आज प्रिय घर आयेंगे !
प्राण प्रमुदित हैं सखी प्रियतम सुदर्शन पायेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !

नयन निर्झरिणी उमड़ कर यह प्रकट करती रही कि ,
आज अपने प्राणधन पर हम ही अर्ध्य चढ़ायेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !

हृदय उपवन में सखी मन मालि चुन कर पुष्प मृदु ,
सोचता यह हार गुँथ कर हम उन्हें पहनायेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !

कह उठे कर आज सेवा करके हम होंगे सफल ,
पैर बोले आज स्वागत को प्रथम हम जायेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !

कहा जिह्वा ने कि स्तुति करके होऊँ धन्य मैं ,
कर्ण बोले शब्द उनके सुनके हम सुख पायेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !

हो उठी उन्मत्त मैं सखि आगमन लख नाथ का ,
आज मम मानस बिहारी हंस उड़ कर आयेंगे !
सखि आज प्रिय घर आयेंगे !


किरण

चित्र गूगल से साभार


सोमवार, 12 सितंबर 2011

आये बिन बनेगी ना

हिन्दी भाषा के उत्थान के लिये मेरी माँ उस युग में भी कितनी व्यग्र थीं ज़रा उसकी बानगी देखिये उनकी इस रचना में !


बिन सूत्रधार हुए आपके हे यदुनाथ
हिन्दू जाति उच्चता को प्राप्त अब करेगी ना ,

सो रही जो वर्षों से अज्ञानता की नींद में
बिन चौकीदार के जगाये वह जगेगी ना ,

भूल चुकी संस्कृत, बिसार चुकी हिन्दी जो
बिन सिखलाये 'कैट' 'रैट' ज़िद से हटेगी ना ,

इसलिये पुकार कर ये कहती 'ज्ञान' बार-बार
नाथ अब भारत में आये बिन बनेगी ना !


किरण

मंगलवार, 6 सितंबर 2011

सखी युग ने करवट बदली

सखी युग ने करवट बदली !

आज नया यह पुण्य प्रभात ,
आज प्रफुल्लित है उर गात ,
घटा शोक, संताप, विषाद ,
छाया सुखद मधुर आल्हाद ,
भाग्य सूर्य भारत का चमका फटी दुखों की बदली !
सखी युग ने करवट बदली !

आज हमारा सच्चा देश ,
आज हमारा सच्चा वेश ,
दूर हुआ सब कोढ़ कलंक ,
मिटा व्यर्थ का भय आतंक ,
भारत के निर्मल सागर से हटी सरित वह गँदली !
सखी युग ने करवट बदली !

आओ मंगल साज सजें सखि ,
घर-घर मंगल वाद्य बजें सखि ,
दूर करें ईसा सम्वत्सर
नव सम्वत्सर आज लिखें सखि ,
पूजें विजय देवी हर्षित हो चढ़ा आम्रफल कदली !
सखि युग ने करवट बदली !

किरण




रविवार, 28 अगस्त 2011

यह मेरी भारत माता है


अन्ना के आह्वान पर भारत की जनता का बारह दिनों तक अहर्निश चलने वाला ऐतिहासिक आंदोलन और आशा निराशा, विश्वास अविश्वास और आश्वासन एवं विश्वासघात के प्रहारों से हर पल जर्जर होने के स्थान पर और सुदृढ़ होती जनता की देशभक्ति ने गर्व से हर भारतीय का सीना चौड़ा कर दिया है ! आज जीत की इस शुभ बेला में अपनी माँ की बेहद खूबसूरत कविता प्रस्तुत कर रही हूँ जिसे आप तक पहुँचाने के लिये मैं उचित अवसर की तलाश में थी कि पाठक इस कविता का आनंद उठाने के लिये मानसिक रूप से भी तैयार हों ! और आज जैसी विजय मिली है उससे बढ़ कर और सुअवसर क्या होगा ! तो लीजिए इसका आनंद उठाइये !


यह मेरी भारतमाता है

शीर्ष मुकुट कंचनजंगा का, कमर मेखला विन्ध्याचल की ,
जिसके पावन युगल चरण पर सागर अर्ध्य चढ़ाता है !
यह मेरी भारतमाता है !

अमृत पय गंगा जमुना का, सरयु, गोमती, वेदवती ,
चम्बल, रेवा, क्षिप्रा का जल नित स्नान कराता है !
तरला यह भारतमाता है !

सुजल नर्मदा और गोदावरी, महानदी, कृष्णा, कावेरी ,
बृह्मपुत्र का विमल नीर हर तन की प्यास बुझाता है !
सुजला यह भारतमाता है !

इसकी वन संपदा अपरिमित, सुमधुर फल, फूलों से सुरभित ,
हरी चूनरी लहरा माँ की मलय पवन इतराता है !
सुफला यह भारतमाता है !

उज्ज्वल खनिज रत्न अनियारे, हीरा, पन्ना, मोती प्यारे ,
जिनकी झिलमिल विमल कांति से अन्धकार घबराता है !
सुखदा यह भारतमाता है !

वीर शिवा, राणा प्रताप से भगत सिंह और बाल, पाल से ,
लाल निछावर हुए अनेकों, गुण जिनके जग गाता है !
यशदा यह भारतमाता है !

सीता, सावित्री, मैत्रेयी, पन्ना, लक्ष्मी, माँ कैकेयी ,
त्यागी बलिदानी नारी की खान यही सुखदाता है !
वरदा यह भारतमाता है !

इसके दीपक अमरज्योति से कलि मल हर ज्योतित जग करते ,
सिंहवाहिनी, मोक्षदायिनी अभिनव जीवनदाता है !
शुभदा यह भारतमाता है !

आओ इसके बलि-बलि जायें, आरति उतारें, पुष्प चढायें ,
गरिमामय मूरत पर इसकी बलिहारी जग जाता है !
सरला यह भारतमाता है !


किरण




रविवार, 21 अगस्त 2011

कन्हैया












गोकुल के रचैया अरु गोकुल के बसैया हरी ,
माखन के लुटैया पर माखन के रखैया तुम !

गोधन के कन्हैया अरु गोवर्धन उठैया नाथ ,
बृज के बसैया श्याम बृज के बचैया तुम !

भारत रचैया अरु भारत बचैया कृष्ण ,
गीता के सुनैया अरु गीता के रचैया तुम !

बंसी के बजैया अरु चीर के चुरैया हरि ,
नागन के ऊपर चढ़ि नृत्य के करैया तुम !

सारी के चुरैया अरु सारी के बढ़ैया साथ ,
भरी सभा द्रौपदी की लाज के रखैया तुम !

राधा के गहैया श्याम राधा के छुड़ैया योगी ,
गोपिन संग कुंजन में रास के रचैया तुम !

पापी अरु पापिन को स्वर्ग के दिलैया नाथ ,
शरण हूँ मैं लाज राखो कुँवर कन्हैया तुम !


किरण