शुक्रवार, 24 दिसंबर 2010

प्रियागमन

प्रियतम तव दर्शन आशा से
खोले हृदय कुटी के द्वार ,
सोच रही थी कब वे आवें
करूँ तभी मन भर मनुहार !

भरा हुआ उत्साह हृदय में
दर्श लालसा का उन्माद ,
उत्कण्ठा थी प्रति पल-पल पर
मन आँखों में वाद विवाद !

होती यह जिज्ञासा मन में
प्रिय भेंटेंगे पहले मुझसे ,
नयन बोल उट्ठे, "पागल मैं
देखूँगा पहले तुझसे !"

किन्तु रह गये नयन देखते
मन मंदिर प्रिय पहुंचे आज ,
हुआ प्रकाशित सूना मंदिर
बोल उठे वीणा के साज !

विस्मित हुए नयन प्रिय भीतर
कब पहुँचे कर हमको पार ,
हृदय कुटी के द्वारपाल से
झगड़ रहे थे बारम्बार !

किरण

मंगलवार, 14 दिसंबर 2010

नया संसार

एक नया संसार बना कर
जग से दूर क्षितिज तट में,
वहाँ छिपाऊँगी अपने को
अवनी के धूमिल पट में !

दुखियों का साम्राज्य नया
निष्कंटक मैं बनवाऊँगी,
दु:ख राज्य की रानी बन मैं
सुन्दर राज्य चलाऊँगी !

पीड़ा मेरी मंत्री होगी
आहों का मैं बना विधान,
सदा करूँगी खण्डित उससे
सुख का औ आशा का मान !

केवल एक निराशा का
होगा मेरे हाथों में दण्ड,
अरमानों को तोड़-फोड़ कर
मैं कर डालूँगी दो खण्ड !

एक फेंक दूँगी जगती पर
उसका न्याय बताने को,
एक विधाता के चरणों में
अपनी विनय सुनाने को !

और कहूँगी जगत पिता से
"प्रभु दिखलाना तनिक दया,
अमर रहे दुखियों का जीवन
अमर रहे साम्राज्य नया !"

किरण

शनिवार, 11 दिसंबर 2010

ॠतु वर्णन - वर्षा

ॠतु वर्णन की इस श्रंखला में आज पस्तुत है अंतिम कड़ी 'वर्षा' !

वर्षा

हुई कष्ट से बावली सी अवनि तब
उमड़ कर हृदय स्त्रोत बन भाप आया,
लगाने को मरहम दुखिनी के व्रणों पर
सुघर वैद्य का रूप भर मेघ आया !

बही आह की वायु कहती कहानी
झड़ी आँसुओं की लगी नैन से जब,
सम्हाले न सम्हला रुदन वेग उससे
भरे ताल, नदियाँ उमड़ती चली तब !

चतुर मोर, दादुर बँधा धीर उसको
सुनाने लगे प्रेमियों की कहानी ,
कि किससे पपीहा दुखी हो रहा है,
कि चातक न पीता है क्यों आज पानी !

कि मछली बिना नीर मरती तड़प क्यों,
कि चुगता चकोरा सदा क्यों अंगारे ,
अमर प्रेम उनका, अटल है लगन यह
कि इस प्रेम पर कष्ट तुमने सहारे !

हुआ धैर्य उसको, नयन पोंछ डाले
मिटा ताप तन का, कि सुध-बुध सम्हाली,
नयन में रहा क्षोभ, भूली सभी कुछ
छटा प्रेम की मुख पे छाई निराली !

विकलता धरा की न भाई किसीको
हरी चुनरी ओढ़ तब मुस्कुराई ,
सुनो वह सुनाऊँ कहानी निराली
सुनी, ना अभी तक किसीने सुनाई !

किरण

मंगलवार, 7 दिसंबर 2010

ॠतु वर्णन - ग्रीष्म

आज प्रस्तुत है ऋतु वर्णन का तीसरा भाग 'ग्रीष्म' जब धरिणी
नायिका को अपने प्रियतम के कोप का ताप सहने के लिये
विवश होना पड़ा !
ग्रीष्म

रहा वह ठगा सा निरख कर स्वगृहणी
पगी अन्य के संग रंगराग में थी ,
चढ़ाये नये द्राक्ष की मस्त हाला
नशे में भरी व्यस्त वह फाग में थी !

धधक कर उठी क्रोध की ज्वाल उर में
जली होलिका सी, हुआ रंग काला ,
हुआ रौद्र सा वेश उसका भयंकर
मही का तभी नोच सब साज डाला !

हरी चूनरी घास की चीर डाली ,
गिरे सूख कर पुष्प के आभरण सब,
मिटा रूप अनुपम, बिलखती रही वह,
गयी सूख बिलकुल छुटा प्रिय रमण जब !

ज्वलित सूर्य किरणों का कोड़ा उठा कर
अनेकों धरा पर लगाये तड़प कर ,
फटे अंग उसके, पड़ी तब दरारें
धरा रह गयी तिलमिला कर, सिसक कर !

गये सूख नद, ताल, छाई उदासी
दशा दीन उसकी किसी को न भाई ,
सुनो वह सुनाऊँ कहानी निराली
सुनी, ना अभी तक किसीने सुनाई !

किरण

शुक्रवार, 3 दिसंबर 2010

ॠतु वर्णन - वसन्त

ॠतु वर्णन के इस क्रम में आज माँ की दूसरी कविता 'वसन्त' प्रस्तुत है !

वसन्त

निरख प्राण प्रियतम हुई आत्म विस्मृत
पुलक कम्प उर में नया रंग लाया,
चुने फूल सरसों के केसर मिलाई
उबटना नया अंग पर तब लगाया !

निशा कालिमा से लिया सद्य काजल
नयन में लगा केश फिर से बँधाए,
प्रकृति चेरी से ले मदिर गंध उसने
मली अंग से, वस्त्र भूषण सजाये !

चुनी रात रानी की कलियाँ सुहानी
जड़ा मोतियों बीच बैना लगाया,
करण फूल सुन्दर बने दाउदी के
सुघर केतकी का गुलूबंद भाया !

जुही की बना पहुँचियाँ पहन डालीं
रची हाथ में लाल मेंहदी सुहानी,
लगा पैर में किन्शुकों की महावर
चमेली की पायल बनी मन लुभानी !

हरी ओढ़ चूनर, सजा साज नूतन
प्रणय केलि में खो गयी सुध गँवाई,
उधर कुहुक कर कह रही जो कोयलिया
ना सुन ही सकी, ना इसे जान पाई !

अचानक हुआ ग्रीष्म का आगमन जो
वहाँ पर किसी को दिया ना दिखाई,
सुनो वह सुनाऊँ कहानी निराली
सुनी, ना किसी ने अभी तक सुनाई !

किरण

बुधवार, 1 दिसंबर 2010

ॠतु वर्णन - शरद

दिसंबर का महीना आ गया है ! सर्दी ने अपने रंग दिखाना आरम्भ कर दिया है !
माँ की डायरी में कुछ बहुत ही खूबसूरत कविताएं हैं ! प्रत्येक ॠतु में धरा का प्रेयसी
के रूप में मानवीकरण कर उसके साज श्रृंगार और भाव प्रवणता को उन्होंने बहुत सुन्दर
एवं हृदयग्राही काव्यरूप में सँजोया है ! यह ॠतु वर्णन चार भागों में शब्दबद्ध है -
शरद, वसंत, ग्रीष्म और वर्षा ! पाठकों से अनुरोध है कि इन कविताओं का समग्र रूप
से रसास्वादन करने के लिये इन सभी रचनाओं को वे अवश्य पढ़ें तभी वे इसका भरपूर
आनंद उठा सकेंगे ! इसी क्रम में प्रस्तुत है आज पहली रचना - शरद ॠतु !

शरद ॠतु

सुनो वह सुनाऊँ कहानी निराली,
सुनी, ना किसीने अभी तक सुनाई !

धरणि नायिका आगमन जान प्रिय का
शरद् चन्द्र का थाल सुन्दर सजाये,
अँधेरी अमावस में तारक अवलि के
सुघर दीप की आरती को जलाये !

भरा स्नेह जीवन, बना दीप सुन्दर
बनी वर्तिका थी प्रतीक्षा मनोहर,
जले दीप आशा के दीपावली में
खिला रूप अनुपम प्रकाशित तमोहर !

प्रणय कल्पना में सिहरती, ठिठकती
थिरकती चली अटपटी चाल से वह,
कभी काँप उठती, कभी चौंक पड़ती
कभी स्वेद को पोंछती भाल से वह !

नये किसलयों से सजाया स्व तन को
पुराने पड़े पीत पल्लव हटाये,
सजाये सघन केश, वेणी बनाई
भरी माँग शबनम के मोती सजाये !

हटा कालिमा की फटी जीर्ण साड़ी
धवल चंद्रिका में छिपा गात सुन्दर,
अभी द्वार तक वह पहुँच भी न पाई
सुनी चाप पद की उधर मंद मंथर !

सुना द्वार पर कुछ बँधा सा इशारा
खिली वह, किसी को दया न दिखाई,
सुनो वह सुनाऊँ कहानी निराली
सुनी, ना किसीने अभी तक सुनाई !

किरण

शनिवार, 27 नवंबर 2010

मुझको ऐसे गीत चाहिये

मुझको ऐसे गीत चाहिये !
जो पतझड़ में मधुॠतु ला दे
मुझको वह संगीत चाहिये !

मुझको ऐसे गीत चाहिये !

जो चुन लायें श्रम के मोती,
जो वर लायें जीवन ज्योति,
जो चेतायें दुनिया सोती,
मुझको ऐसे मीत चाहिये !

मुझको ऐसे गीत चाहिये !

जो झोली भर दे दीनों की,
आहें छीने आधीनों की,
हों झंकृत तानें बीनों की,
मुझको ऐसी प्रीत चाहिये !

मुझको ऐसे गीत चाहिये !

दुखियों के अरमान दिला दे,
जीवन के वरदान दिला दे,
मर मिटने का मान दिला दे,
मुझको ऐसी जीत चाहिये !

मुझको ऐसे गीत चाहिये !

किरण